कल्पना सैमुएल संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ की कोरिया जिला अध्यक्ष मनोनीत, कर्मचारियों में उत्साह...
बैकुंठपुर में संपन्न हुई संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की प्रांतीय बैठक, कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुआ मंथन...
कमलेश शर्मा, संपादक
कोरिया/बैकुंठपुर। संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ की प्रांतीय बैठक रविवार, 20 सितंबर 2026 को कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में आयोजित की गई। स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में आयोजित इस बैठक में सूरजपुर, अंबिकापुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, एमसीबी सहित विभिन्न जिलों से स्वास्थ्य विभाग के संघ पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं, लंबित मांगों तथा संगठन को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष विकास कुमार यादव, महामंत्री अमरु साहू, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष मदन लाल साहू, उपप्रांताध्यक्ष केके वर्मा, पुरुषोत्तम कुंवर एवं पारस कुमार के कोरिया आगमन पर संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में प्रांतीय बैठक का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कल्पना सैमुएल को कोरिया और श्रीराम गुप्ता को सूरजपुर की जिम्मेदारी
बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार एवं मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा कल्पना सैमुएल को संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ का कोरिया जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं श्रीराम गुप्ता को सूरजपुर जिले का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। दोनों नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
कल्पना सैमुएल के जिला अध्यक्ष मनोनीत होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने तथा कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की अपेक्षा व्यक्त की।
सेवा पुस्तिका से लेकर समयमान वेतनमान तक विभिन्न मांगों पर चर्चा
प्रांतीय बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका के सत्यापन, सेवा पुस्तिका की द्वितीय प्रति सभी कर्मचारियों को उपलब्ध कराने, पात्र कर्मचारियों को लंबित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय समयमान वेतनमान का लाभ शीघ्र प्रदान करने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
इसके अलावा जीवनदीप समिति में कार्यरत कर्मचारियों को कलेक्टर दर के अनुसार मानदेय भुगतान किए जाने तथा कलेक्टर दर पर कार्यरत कर्मचारियों को प्रत्येक वर्ष के अनुभव के आधार पर तीन अंक का अनुभव प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने की मांग को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया। इन मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं विभाग से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के सभी संवर्गों को प्रोत्साहन राशि का लाभ दिलाने की मांग
बैठक में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों को शासन स्तर से स्वीकृत प्रोत्साहन राशि का भुगतान किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने निर्णय लिया कि विकासखंड स्तर पर खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला स्तर पर सिविल सर्जन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मुलाकात कर तथा आवश्यकतानुसार पत्राचार के माध्यम से पात्र कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए पहल की जाएगी।
पदोन्नति सहित कई कर्मचारी हित के मुद्दों पर बनी रणनीति
बैठक में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, एमएलटी, वार्ड बॉय, फार्मासिस्ट, रेडियोग्राफर, स्टाफ नर्स, वाहन चालक, ड्रेसर, सुपरवाइजर, बीईटीओ सहित स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत विभिन्न संवर्गों की विभागीय पदोन्नति, प्रोत्साहन राशि के भुगतान एवं अन्य सेवा संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग संवर्गों के कर्मचारियों की समस्याएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से उठाने के लिए सभी संवर्गों को एक मंच पर लाना संगठन की प्राथमिकता है।
सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में संयुक्त स्वास्थ्य कर्मचारी संघ को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया। संघ पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी संवर्गों के कर्मचारियों से संगठन की सदस्यता ग्रहण कर कर्मचारी हितों की आवाज को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।
बैठक में संघ की ओर से कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष एवं प्रयास करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष उचित माध्यम से उठाकर उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर नियाजुद्दीन खान, अनूप तिर्की, मुकेश कुर्रे, भोला शंकर यादव, हर्ष जायसवाल, अनीता एक्का, पुष्पेंद्र पटेल, अविनाश, सुखनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एमसीबी जिले से बंटी पैकरा एवं नितेश कुमार दिवाकर सहित अन्य कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा विभिन्न संवर्गों के हितों के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
Comments (0)